राजिम। राजिम विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। विधायक रोहित साहू के सतत प्रयासों से गरियाबंद जिले की तीन प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णाेद्धार, मरम्मत और नहर लाइनिंग कार्यों के लिए 1104.23 लाख रुपये यानी करीब 11.04 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति से गनियारी जलाशय योजना, पतोरा व्यपवर्तन योजना और ठाकुरदेव जलाशय योजना के अंतर्गत वर्षों पुरानी एवं जर्जर सिंचाई संरचनाओं का कायाकल्प होगा। नहरों के सुदृढ़ीकरण और सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग से पानी के अपव्यय पर रोक लगेगी तथा खेतों के अंतिम छोर तक सिंचाई पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
तीन परियोजनाओं के लिए करोड़ों की स्वीकृति
स्वीकृत राशि के तहत पतोरा व्यपवर्तन योजना के शीर्ष जीर्णाेद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 202.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं गनियारी जलाशय योजना के शीर्ष कार्य के जीर्णाेद्धार, वेस्ट वियर के व्यर्थ जल निकास की मरम्मत, मुख्य नहर की रीमॉडलिंग एवं सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग कार्य के लिए 466.00 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इससे 144 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को लाभ मिलने की संभावना है।
इसी तरह ठाकुरदेव जलाशय योजना के शीर्ष, मुख्य नहर एवं शाखा नहरों के जीर्णाेद्धार, मरम्मत तथा नहर लाइनिंग कार्य के लिए 435.73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य से 80 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि लाभान्वित होगी।
किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
वर्षों पुरानी नहरों के जर्जर होने और पानी के रिसाव के कारण किसानों को सिंचाई संकट का सामना करना पड़ रहा था। अब नहर लाइनिंग एवं जीर्णाेद्धार के बाद पानी के बहाव में सुधार होने के साथ ही सिंचाई क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
खासकर नहरों में सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग होने से पानी के रिसाव और अनावश्यक अपव्यय को कम करने में मदद मिलेगी। इसका सीधा फायदा उन किसानों को मिलेगा, जो नहर के अंतिम छोर पर स्थित खेतों में सिंचाई पानी का इंतजार करते हैं।
अन्नदाता की खुशहाली ही सबसे बड़ा ध्येय-विधायक
स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र और पूरा गरियाबंद जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है। अन्नदाता का सम्मान और उनकी खुशहाली ही उनके जीवन का सबसे बड़ा ध्येय है। उन्होंने कहा कि जब-जब खेतों तक पानी पहुंचने में बाधा आई है, तब किसानों के हित में प्रयास किए गए हैं। गनियारी, ठाकुरदेव और पतोरा जैसी महत्वपूर्ण सिंचाई योजनाओं के जीर्णाेद्धार और नहरों के सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति हजारों किसानों की मेहनत और उम्मीदों को नई ताकत देगी।
विधायक ने कहा कि नहरों की सीमेंट लाइनिंग से पानी का अपव्यय रुकेगा और अंतिम छोर के किसान के खेत तक भी पानी आसानी से पहुंच सकेगा। खेत लहलहाएंगे तो क्षेत्र समृद्ध और मजबूत बनेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार
विधायक रोहित साहू ने इस जनहितैषी और किसान हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का राजिम एवं गरियाबंद क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के लिए तत्काल वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलना सरकार की किसान हितैषी सोच को दर्शाता है।
ग्रामीणों और किसान संगठनों में खुशी
वर्षों से जर्जर नहरों और सिंचाई संकट का सामना कर रहे गनियारी, पतोरा और ठाकुरदेव क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों में स्वीकृति को लेकर खुशी का माहौल है। क्षेत्रीय किसानों और किसान संगठनों ने विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सजग नेतृत्व और लगातार प्रयासों से सिंचाई परियोजनाओं के लिए इतनी बड़ी राशि स्वीकृत हो सकी है।
किसानों का कहना है कि सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने से न केवल मौजूदा फसलों को लाभ मिलेगा, बल्कि आने वाले समय में कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
विकास के साथ खेती को मिलेगी नई ताकत
गनियारी, पतोरा और ठाकुरदेव सिंचाई परियोजनाओं के कायाकल्प की यह स्वीकृति राजिम विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले जीर्णाेद्धार और नहर लाइनिंग कार्यों से सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों को लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
किसानों की पुकार पर तुरंत एक्शन, विधायक रोहित साहू के निर्देश पर कुकदा वियर से नहरों में छोड़ा पानी





