गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में स्कूल कार्यालय में शराब पार्टी करने के वायरल वीडियो और मीडिया में प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मैनपुर ने दोनों शिक्षकों मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
स्कूल में शराब पीते मिले थे दोनों शिक्षक
नोटिस में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि 01 अगस्त 2026 को मीडिया में प्रकाशित खबर में दोनों शिक्षकों के विद्यालय कार्यालय में शराब पीते मिलने और पत्रकार से अभद्र व्यवहार करने की जानकारी सामने आई है। प्रथम दृष्टया यह कृत्य शिक्षकीय गरिमा, कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के विपरीत माना गया है।
समय-सीमा में देना होगा स्पष्टीकरण
बीईओ ने दोनों शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं उपस्थित होकर समय-सीमा के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा उनके विरुद्ध एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों की होगी।
गौरतलब है कि मीडिया की टीम के औचक निरीक्षण के दौरान आरोप था कि स्कूल कार्यालय में दो शिक्षक कथित रूप से शराब और चखना के साथ बैठे मिले थे, जबकि छात्र-छात्राएं बिना पढ़ाई के स्कूल परिसर में इधर-उधर घूम रहे थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और ग्रामीणों तथा अभिभावकों ने दोषी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। मामले में शिक्षकों के जवाब के बाद विभाग आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

