महानदी पुल पर एक युवक ने दोस्त की बेरहती से हत्या कर दी। आरोपी दोस्त की बढ़ती सफलता और बढ़ती कमाई से जलने लगा था। इसी जलन में उसने रंजिश पाल रखी और मौका मिलते ही दोस्त को रोककर कैंची और पाना से ताबड़तोड़ हमला किया और मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र का है।
22 जुलाई को पुल पर मिली थी लाश
जानकारी के अनुसार 22 जुलाई की सुबह मगरलोड थाना क्षेत्र के करेली बड़ी चौकी अंतर्गत नारी महानदी पुल पर लोगों ने एक युवक का खून से लथपथ शव देखा। शव के गले और माथे पर गहरे घाव थे, जबकि घटनास्थल पर मृतक की बोलेरो पिकअप (सीजी-06-जीटी-7675) भी खड़ी मिली। सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस, करेली बड़ी चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू (27 वर्ष), निवासी कुण्डेल (मेघा) के रूप में हुई।
हत्या की पुष्टि होते ही दर्ज हुआ केस
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि नीरज की हत्या किसी धारदार वस्तु से हमला कर की गई है। इसके बाद थाना कुरूद में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विशेष जांच शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर बनीं कई टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने तत्काल कुरूद थाना, मगरलोड थाना और साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर तथा एसडीओपी रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने कई दिनों तक लगातार जांच अभियान चलाया।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों तक लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, वैज्ञानिक जांच और संदिग्ध गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। लगातार मिले सुरागों ने पुलिस को संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंचा दिया।
पूछताछ में उगला हत्या का राज
बिरेंद्र कुमार साहू (21 वर्ष) मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा का रहने वाला है। पुलिस ने बिरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह और नीरज दोनों चावल का कारोबार करते थे। नीरज का व्यवसाय तेजी से बढ़ रहा था और उसकी कमाई अधिक थी, जिससे वह अंदर ही अंदर जलन और रंजिश पाल बैठा था।
इसी रंजिश के चलते उसने सुनसान नारी महानदी पुल पर नीरज को रोककर कैंची और पाना से जानलेवा हमला किया। गर्दन और सिर पर कई वार करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कैंची और पाना बरामद कर जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ब्रेकिंग: महानदी पुल पर खून से लथपथ मिली युवक की लाश, गला रेतकर हत्या कर आशंका, जांच में जुटी पुलिस

