छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बदमाशों ने एक स्कूटी सवार युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। वीडियो में हमलावर युवक को घेरकर उस पर लगातार धारदार हथियार से वार करते दिखाई दे रहे हैं। मामला उरला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार युवक अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ बदमाशों ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावर लगातार उस पर वार करते रहे। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग दहशत के कारण बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
CCTV वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हमलावर बिना किसी डर के युवक पर लगातार वार कर रहे हैं। इस तरह सरेआम हुई वारदात ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खून से लथपथ खुद पहुंचा अस्पताल
जानलेवा हमले के बावजूद घायल युवक ने हिम्मत नहीं हारी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह किसी तरह अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किन कारणों से किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अब तक दर्ज नहीं हुई शिकायत, आरोपी फरार
सूत्रों के अनुसार घटना का अभी तक पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। उरला थाना पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राजधानी में बढ़ती वारदातों से दहशत
दिनदहाड़े खुलेआम हुई इस घटना ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अपराधी इस तरह सरेआम हमला कर फरार हो रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
VIDEO
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ब्रेकिंग: महानदी पुल पर खून से लथपथ मिली युवक की लाश, गला रेतकर हत्या कर आशंका, जांच में जुटी पुलिस

