बुधवार सुबह महानदी पुल पर एक युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने पुल पर खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला मगरलोड थाना अंतर्गत करेली बड़ी चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नारी-खट्टी स्थित महानदी पुल के पास बुधवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने युवक के गले पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर कुरूद और करेली बड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू (27 वर्ष) पिता खुमान साहू निवासी कुंडेल (मेघा) के रूप में हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। जांच टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों दहशत और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

