जांजगीर-चांपा। जिले में एक ही रात तीन मंदिरों में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे में पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 16.60 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया शत-प्रतिशत माल, घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
एक रात में तीन मंदिर बने थे निशाना
जानकारी के अनुसार 1-2 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। रामजानकी मंदिर, बम्हनीडीह से दो चांदी के छत्र चोरी। चंडी दाई मंदिर, ग्राम महत (थाना नवागढ़) से 9 देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण, दान पेटी और नकदी चोरी तथा बद्री विशाल मंदिर, ग्राम जगमहंत से चांदी का छत्र चोरी की वारदात सामने आई। इन घटनाओं के बाद थाना नवागढ़ और बम्हनीडीह थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (SP) के निर्देश पर साइबर थाना, नवागढ़ और बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों से लेकर संभावित आने-जाने वाले मार्गों के 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवकों की गतिविधियां पुलिस के संदेह के घेरे में आईं। साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दबिश दी गई।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
एसडीओपी धान्या लोकेश बंसल और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने तीनों मंदिरों में चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
कर्ज में डूबे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे। आर्थिक तंगी से निकलने के लिए उन्होंने पहले मंदिरों की रेकी की और फिर योजना बनाकर एक ही रात में तीन मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रशांत पटेल (23 वर्ष), प्रभात पटेल (18 वर्ष) और परमानंद पटेल (25 वर्ष) तीनों निवासी घुटिया थाना पामगढ़ तथा एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक शामिल है। आरोपियों के कब्जे से चांदी के छत्र, चांदी के मुकुट, चक्र एवं अन्य धार्मिक सामग्री, सोने के आभूषण, दान पेटी एवं नकदी समेत कुल 16.60 लाख करीब का माद बरामद किया गया है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





