नवापारा। रासुका की कार्रवाई के तहत जेल भेजे जा रहे आदतन अपराधी टुम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने के प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के परिजनों व समर्थकों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। आरोपी के परिजनों और उसके साथियों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज, झूमाझटकी, मारपीट, रास्ता रोकने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने करीब 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जेल से छूटने के अगले ही दिन रासुका की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को आबकारी एक्ट के प्रकरण में जेल से छूटने के बाद लल्ला सोनवानी अपने घर पहुंचा था। पुलिस को जानकारी मिली कि उसके विरुद्ध जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई की जानी है। 6 अगस्त को थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए सदर रोड स्थित उसके घर की ओर रवाना हुई। पुलिस के अनुसार, रास्ते में लल्ला सोनवानी स्कॉर्पियो से आता दिखाई दिया और पुलिस वाहन को देखकर वाहन पीछे कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
मुलाहिजे के दौरान परिजनों का हंगामा
बताया जा रहा है कि लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा में मुलाहिजे के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाया गया। इसी दौरान उसकी मां, दोनों पत्नियां और कुछ अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि वहां लल्ला सोनवानी को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की का प्रयास किया गया और अश्लील गाली-गलौज की गई। इस दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया गया।
स्कॉर्पियो और चार बाइक से पुलिस वाहन का पीछा!
प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह के अनुसार मुलाहिजे के बाद पुलिस टीम लल्ला सोनवानी को रायपुर जेल दाखिल कराने के लिए रवाना हुई। इसके कुछ समय बाद लल्ला सोनवानी के साथी यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल और खुलेश कुमार रात्रे समेत अन्य लोग स्कॉर्पियो और करीब चार मोटरसाइकिलों से पुलिस वाहन का पीछा करने लगे।
आरोप है कि पीछा करने के दौरान फिल्मी स्टाइल में पुलिस वाहन के अगल-बगल से बाइक चलाकर उसे डंडों से मारकर रोकने का प्रयास किया गया। करीब चार किलोमीटर तक पीछा करने के बाद गौकरण और उसके साथी पुलिस वाहन के सामने बार-बार आने लगे।
पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी
बताया गया के ग्राम पिपरौद के पहले मुख्य मार्ग पर पुलिस वाहन को रोक लिया गया। इसके बाद लल्ला सोनवानी और उसके साथियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को गालियां देते हुए धमकी दी और झूमाझटकी कर मारपीट की। झूमाझटकी के दौरान वर्दी में लगा लाल फीता उखड़ गया और अन्य पुलिसकर्मियों की वर्दी के बटन भी टूट गए। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस वाहन के दोनों दरवाजे खोलकर पुलिस अभिरक्षा में मौजूद लल्ला सोनवानी को जबरन बाहर निकालकर छुड़ाने का प्रयास किया।
स्थिति बिगड़ती देख प्रधान आरक्षक ने सीएसपी को मोबाइल से घटना की जानकारी दी। सीएसपी के निर्देश पर पुलिस वाहन को वापस मोड़कर सावधानीपूर्वक थाना परिसर लाया गया।
पेट्रोल बम से जिंदा जलाने और थाना उड़ाने की धमकी का आरोप
प्रधान आरक्षक ने लल्ला सोनवानी पर गंभीर धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, उसने कथित तौर पर मोहल्ले के करीब 100 लोगों को थाने में बुलाकर घेराव कराने, पुलिसकर्मियों को उसकी पत्नी के माध्यम से हरिजन एक्ट और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके अलावा पुलिस वाहन पर पेट्रोल बम फेंककर पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने, थाना और कलेक्टर-एसपी के बंगले को बम से उड़ाने जैसी धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
थाना परिसर में फिर जुटी भीड़
शिकायत के मुताबिक, पुलिस वाहन के थाना परिसर पहुंचने के बाद भी आरोपी के साथी वहां पहुंच गए और पुलिस के साथ गाली-गलौज करते हुए लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर भगाने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सभापति केकती सोनवानी सहित महिलाओं और युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी।
नगर में निकाला गया जुलूस
गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस ने नगर में जुलूस भी निकाला। जुलूस में आरोपियों द्वारा ‘‘जुर्म करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है’’ जैसे नारे लगाते नजर आए। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कार्रवाई के दौरान सीएसपी तुलसी लेकाम, एसडीएम रवि सिंह, अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम, गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल, खुलेश कुमार रात्रे, लल्ला सोनवानी, उसकी मां व दो पत्नी एवं अन्य के खिलाफ ठछै की धारा 115(2), 126(2), 132, 221, 296, 351(2) और 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों का जुलूस निकालने के बाद जेल भेज दिया है।
13 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
मिली जानकारी के अनुसार लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध 13 आपराधिक से ज्यादा प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जिसमें मारपीट, आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत पंजीबद्ध किए जाकर विभिन्न न्यायालयों में अभियोग पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। इसके अलावा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के 11 प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया तथा बाउंड ओवर कराकर न्यायालय से समय-समय पर प्रतिबंधित कराया गया है।
कार्रवाई को लेकर नगर में चर्चा, पुलिस की सराहना
नगर में हुई इस कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सख्ती जरूरी है। गुरुवार को हुई यह कार्रवाई नगर में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी की भीड़ जुट गई है, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों में खासा कौतूहल बना रहा। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
VIDEO
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की तालाब में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान, मोबाइल गायब





