रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो से मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव स्थित तालाब के पास एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
छह माह चौकीदारी कर रहा था
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30 वर्ष) पिता जलसिंह सिदार, निवासी ग्राम तोरला, थाना झरबंद, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार परमेश्वर पिछले करीब छह माह से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदार के रूप में कार्यरत था और वहीं रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा था।
तालाब किनारे में मिला शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब के पास उसका शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतक के पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों, संपर्कों और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की तालाब में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान, मोबाइल गायब

