एक महिला ने अपनी साड़ी से गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है पति शराब का आदी था, उसके चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर मारपीट करता था। आरोप है कि महिला ने पति को अपनी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करते देखा था। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोकरो का है।
तालाब किनारे मिला था चौकीदार का शव
जानकारी के अनुसार 4 अगस्त की सुबह ग्राम टोकरो के छांटा तालाब के पास चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के गले पर दबाव के निशान देख हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब का आदी था, उसके चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर मारपीट करता था। उसने यह भी दावा किया कि घटना की रात जब वह बाहर से लौटी तो उसने अपने पति को अपनी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करते देखा। गुस्से में आकर उसने अपनी साड़ी के पल्लू से पति का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद रची साजिश
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाहर रख दिया और खुद कमरे में चली गई। बाद में दरवाजा बाहर से बंद होने का आभास कराने की कोशिश की। सुबह गांव वालों के आने का इंतजार किया और खुद को घटना से अनजान दिखाते हुए रोने-बिलखने लगी। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। अभनपुर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिली चौकीदार की लाश, इलाके में सनसनी





