नवापारा इलाके में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के साथ जगन्नाथपुरी दर्शन करने गए पंचायत सचिव के घर का मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने आलमारी में रखे जेवर चोरी कर लिए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जौंदा का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जौंदा निवासी मोहन लाल साहू ग्राम बनचरौदा में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर जगन्नाथपुरी दर्शन करने गए थे। इस दौरान 23 अक्टूबर को उनके चाचा टिकुराम साहू ने फोन कर सूचना दी कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलने के बाद मोहन लाल साहू 26 अक्टूबर को घर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने आलमारी को तोड़कर उसके लॉकर में रखे सोने की एक अंगूठी, सोने के दो जोड़ी टॉप्स और चांदी की दो जोड़ी पायल चोरी कर ली थी। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 43 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने बताया कि घर लौटने के बाद सामान का मिलान करने पर चोरी का पता चला। इसके बाद 26 अक्टूबर को थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





