कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अर्टिगा कार-बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक सवार तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
आमने-सामने भिड़ीं कार और बाइक
जानकारी के अनुसार बाइक पर तीन लोग सवार थे। इसी दौरान चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास अर्टिगा कार और बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके टुकड़े सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
दो की मौके पर मौत, तीसरे की हालत गंभीर
टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है। कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कार सवार रायपुर से इलाज कराकर मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे, और कार में एक महिला मरीज भी मौजूद थी।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को आगे के इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
मृतकों की नहीं हुई पहचान
हादसे की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
नवा रायपुर में रफ्तार का कहर: रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार कार, 1 की मौत; 5 घायल, कार के उड़े परखच्चे





