दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शराब पार्टी के बाद एक युवक की अपनी गर्लफ्रेंड के घर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सिद्धांत दान (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात में शराब पीने के दौरान सिद्धांत और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गर्लफ्रेंड ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत घर की छत पर चला गया, जहां कुछ देर बाद वह बेसुध हालत में मिला। मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है।
गर्लफ्रेंड ने उसे होश में लाने की कोशिश की और CPR भी दिया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
शराब पार्टी में मौजूद था एक और कपल
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात सिद्धांत अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के साथ रायगढ़ निवासी उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर सिद्धांत और अंजलीना के बीच विवाद शुरू हो गया।
गर्लफ्रेंड ने मारा थप्पड़
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत वहां बेसुध पड़ा हुआ था।
CPR देने के बाद भी नहीं बची जान
सिद्धांत को बेसुध देखकर अंजलीना ने उसे होश में लाने की कोशिश की। उसने उसे CPR भी दिया, लेकिन सिद्धांत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अंजलीना और घर में मौजूद अन्य लोग सिद्धांत को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सिद्धांत और अंजलीना की शादी होने वाली थी। अंजलीना नर्सिंग की छात्रा है, जबकि सिद्धांत पहले निजी नौकरी करता था। कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। मृतक की मां रायपुर के एक स्कूल में सरकारी शिक्षिका हैं। एक तरफ दोनों की शादी की तैयारी थी, वहीं अचानक हुई युवक की मौत ने परिवार और परिचितों को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस घटना के समय घर में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हर एंगल से जांच कर रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





