कांग्रेस का प्रदर्शन
Spread the love

गरियाबंद जिले की नगर पंचायत कोपरा में शुक्रवार को कांग्रेस ने जनसमस्याओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोलते हुए नगर पंचायत कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन और सीएमओ पर मनमानी, भ्रष्टाचार तथा विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कलेक्टर के नाम 20 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।

कांग्रेस का प्रदर्शनप्रदर्शन से पहले आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के प्रथम पंचायत मंत्री एवं पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में जनप्रतिनिधि विकास के बजाय मुनाफाखोरी और कमीशनखोरी में मस्त हैं। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के बावजूद भ्रष्टाचार पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है और विकास कार्यों की जानकारी तक सार्वजनिक नहीं की जा रही।

कांग्रेस का प्रदर्शनसभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं और ग्रामीण रैली निकालते हुए नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पूरे परिसर में ‘‘भाजपा सरकार मुर्दाबाद’’, ‘‘सीएमओ जवाब दो’’ और ‘‘नगर पंचायत प्रशासन होश में आओ’’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यालय के घेराव के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

20 सूत्रीय मांगों में उठाए ये प्रमुख मुद्दे

कांग्रेस ने सौंपे गए मांगपत्र में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों का भुगतान, अपात्र हितग्राहियों की जांच, विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, पेयजल संकट का समाधान, नियमित सफाई व्यवस्था, नाली निर्माण, टैक्स वसूली में पारदर्शिता, प्लेसमेंट कर्मचारियों की नियुक्ति, टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा विभिन्न मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को समय पर राशि नहीं मिल रही है, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है और नगर पंचायत प्रशासन मनमाने तरीके से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर में पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं, जबकि विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।

कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन

कांग्रेस का प्रदर्शनकांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर पंचायत में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर ओंकार सिंह, रुपेश साहू, अरुण पटेल, जिला उपाध्यक्ष योगेश साहू, ठाकुर राम साहू, डीके ठाकुर, चंद्रशेखर चौबे, चंदन साहू, डॉ. रमेश साहू, विकास तिवारी, शिखा निषाद, योगिनी साहू, योगेश्वरी साहू, हेमलता साहू, जेनेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं और ग्रामीणों की उपस्थित रही।

हमसे जुड़े WhatsApp Group

https://chat.whatsapp.com/HToDGHdy05UKerT1cNQdQD

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

भूपेश बघेल का भाजपा सरकार पर तीखा हमला: महंगाई, खाद संकट, बढ़ते अपराध और रेत माफिया पर बोले- हर मोर्चे पर विफल है सरकार

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Founder & Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *