नवापारा-राजिम। नवापारा के हरिहर हाईस्कूल मैदान में परिवार के साथ दशहरा देखने पहुंचे एक युवक पर अश्लील गाली-गलौज करने से मना करना भारी पड़ गया। आरोप है कि इस बात से नाराज 10 से अधिक युवकों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और एक अन्य युवक को भी नहीं बख्शा गया। मारपीट में तीनों युवक घायल हो गए, जिनमें एक के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आक्रोशित पीड़ित पक्ष और अन्य युवक आधी रात को कार्रवाई की मांग लेकर नवापारा थाने पहुंचे। थाना प्रभारी के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद वे लौटे। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गाली देने से मना किया तो भड़क उठे युवक
मिली जानकारी के अनुसार, शीतलापारा निवासी दिनेश साहू अपने परिवार के साथ हरिहर हाईस्कूल मैदान में दशहरा महोत्सव देखने पहुंचा था। इसी दौरान वहां कुछ युवक अश्लील गाली-गलौज कर रहे थे। दिनेश ने परिवार की मौजूदगी का हवाला देते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इस बात पर युवक भड़क गए और विवाद बढ़ने लगा।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद 10 से अधिक युवकों ने दिनेश को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे भाई और साथी पर भी हमला
दिनेश के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर उसका भाई गणेश साहू और निखिल मौके पर पहुंचे। दोनों ने बीच-बचाव कर दिनेश को आरोपियों से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान गणेश के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। सिर फटने से उसके गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना में तीनों युवक घायल हो गए।
CHC में चल रहा उपचार
घटना के बाद घायल युवकों को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। मारपीट की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना से नाराज शीतलापारा के युवक और पीड़ित पक्ष के लोग देर रात नवापारा थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए और वापस लौट गए।
सोने की चेन और नकदी छीनने का भी आरोप
आरोप है कि मारपीट के दौरान दिनेश के गले में पहनी सोने की चेन और 2000 रुपये नकद छीन लिए गए। हालांकि, इस लूट की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, घटना में शामिल आरोपियों की पहचान, मारपीट के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
नवापारा ब्रेकिंग: होटल बुकिंग के नाम पर 90 हजार की ठगी, युवती के खाते से उड़ाए रुपये





