सारंगढ़:- छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर स्थित माधोपाली के लात नाला में तेज बहाव के दौरान पुल पार करना एक दंपती के लिए जानलेवा साबित हुआ। उफनते नाले में एक कार देखते ही देखते पानी की तेज धारा में समा गई। कार में सवार देव ट्रेडर्स, घोटलाबड़े के संचालक एवं पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी लापता हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
तेज बहाव को नजरअंदाज करना पड़ा भारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लात नाला बारिश के कारण उफान पर था और पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। इसके बावजूद कार चालक ने पुल पार करने का प्रयास किया। जैसे ही वाहन पुल के बीच पहुंचा, तेज बहाव ने कार का संतुलन बिगाड़ दिया और कुछ ही सेकंड में वाहन पानी में बह गया। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले कार तेज धारा में ओझल हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही सारंगढ़ पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गोताखोरों और राहत दल की मदद से दंपती की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस लगातार तलाशी अभियान चला रही है। लापता दंपती की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम और स्थानीय प्रशासन लगातार खोजबीन में जुटी हुई है।
बारिश के बीच बढ़ा हादसों का खतरा
बता दें कि लगातार हो रही बारिश से प्रदेश की नदियां और नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नालों और जलमग्न पुलों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
VIDEO
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
Heavy Rain: झमाझम बारिश में बह गई पुलिया, दर्जनों गांवों से संपर्क टूटा; संकट में हजारों ग्रामीण

