मोबाइल को लेकर हुए विवाद में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। भाई के साथ मोबाइल को लेकर हुई कहासुनी के बाद कक्षा नौवीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के टॉयलेट में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है। मामला कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या पुरी बस्ती के रहने वाले शरीफ कुरैशी की बेटी सानिया बानो (17) कक्षा नौवीं में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि 31 अक्टूबर की रात सानिया और उसके भाई के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर मां ने नाराज होकर मोबाइल छिपा दिया और कहा कि मोबाइल के कारण घर में रोज विवाद होता है, इसलिए अब किसी को फोन नहीं मिलेगा।
टॉयलेट में फंदे पर मिली लाश
मां की इस बात से सानिया नाराज हो गई और घर के टॉयलेट में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। पिता ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो सानिया अंदर फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां गहरे सदमे में है। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, सानिया शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में भी ठीक थी। एक छोटी-सी बात के बाद हुई इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
शादी से मुकरा प्रेमी, युवती ने लगाई फांसी, होटल के कमरे में मिली लाश, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार





