जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा खिसोरा गांव के पास भारतमाला फोरलेन पर हुआ, जहां बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। दुर्घटना में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, दूसरे हादसे में सीमेंट से भरी पिकअप पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई और दो युवक घायल हो गए।
रेलिंग से टकराई बाइक, पति-पत्नी की मौत
जानकारी के अनुसार, दिलीप कोसले (40) अपनी पत्नी ऊषा कोसले (36) और 16 वर्षीय बेटी शिवानी कोसले के साथ बाइक क्रमांक सीजी 12 एक्यू 9941 से बिलासपुर से बालको क्षेत्र के ग्राम बुंदेली लौट रहे थे। इसी दौरान खिसोरा गांव के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी साइड शोल्डर रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलीप और ऊषा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई।
बिलासपुर रेफर हुई किशोरी
हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवानी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा भेज दिया है। घटना की जानकारी परिवार और परिचितों को मिलने के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।
सीमेंट से भरी पिकअप पलटी, मजदूर की मौत
दूसरा हादसा बुची हरदी गांव के आगे नीलकंठ पेट्रोल पंप के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक, सीमेंट से भरी पिकअप क्रमांक सीजी 12 बीजी 4364 बलौदा से पोंडी दल्हा की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। पिकअप के पीछे बैठे चारपारा निवासी मनीराम (29) की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार दो अन्य युवक घायल हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बलौदा पुलिस ने दोनों सड़क दुर्घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। दोनों ही घटनाओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
स्कॉर्पियो और बाइक की भीषण टक्कर: तीन सगे भाई-बहनों समेत 4 की मौत, मातम में बदली त्योहार की खुशियां






