नवापारा। नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक संदेशों से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर नवापारा में आस्था और भक्ति से जुड़ा अनूठा आयोजन किया गया। सालासर सुंदरकांड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति द्वारा रविवार को ग्लैक्सी टॉकीज में फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों के लिए हलवा-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही प्रत्येक दर्शक को हनुमान चालीसा की पुस्तक भी भेंट की गई।
समिति ने 13 सितंबर को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक यह विशेष आयोजन किया। फिल्म के प्रति श्रद्धालुओं में बढ़ते उत्साह और नीम करौली बाबा के प्रति आस्था को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम की नगर में खूब चर्चा रही।
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि समिति के सदस्यों ने टॉकीज के बाहर ही अपने जूते-चप्पल उतार दिए और एक ही ड्रेस में फिल्म देखने के लिए अंदर पहुंचे। फिल्म शुरू होने से पहले सभी दर्शकों और समिति के सदस्यों ने खड़े होकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। समिति की श्रद्धा और विश्वास का एक और अनूठा उदाहरण देखने को मिला। नीम करौली बाबा के लिए 9 नंबर की सीट खाली रखी गई। समिति सदस्यों ने इसे बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बताया।
हलवा-पूड़ी बांटी
समिति के संस्थापक राजू काबरा और अध्यक्ष धरम साहू ने बताया कि फिल्म देखने आने वाले प्रत्येक दर्शक को हनुमान चालीसा की पुस्तक भेंट की गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए हलवा-पूड़ी का प्रसाद वितरण किया गया। राजू काबरा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य लोगों में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति आस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लगातार लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाता रहा है।
टॉकीज में पहली बार हुआ ऐसा आयोजन
ग्लैक्सी टॉकीज के संचालक हरीराम बंजारे ने बताया कि टॉकीज को बने करीब 19 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन पहली बार किसी संस्था द्वारा टॉकीज के भीतर इस तरह का धार्मिक आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि सालासर समिति वर्षभर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। इस अनूठे आयोजन की चर्चा केवल नवापारा नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के अंचल में भी हो रही है।
सुबह से जुटे रहे सदस्य
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के रूपेंद्र चंद्राकर, नंदकिशोर राठी, संतोष अग्रवाल, गुलाब, नेमी, ओमप्रकाश, मोहन, सुमित पंजवानी, जय, भूपेंद्र, अजय साहू, तारणी, आरती, सरिता सिंह, पिंकी, मोहिनी, तुलसी, नेहा, वासनी, तनीसा, छाया सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






