Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
कार में आगजनी
Spread the love

पाण्डुका। गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र में एक पत्रकार की घर के सामने खड़ी कार में मध्य रात्रि आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना 7 सितंबर की देर रात की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, पत्रकार हेमंत कुमार तिवारी की कार रोज की तरह उनके घर के सामने टीन शेड के नीचे खड़ी थी। रात करीब 12 बजे अचानक कार के सेंसर से सायरन जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर हेमंत तिवारी उठे और बाहर आकर देखा तो कार धधक रही थी। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पाण्डुका थाना प्रभारी चिंताराम देशमुख को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस जवानों और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

फायर ब्रिगेड को भी दी गई सूचना

आग की गंभीर स्थिति को देखते हुए गरियाबंद फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हो गई और मालगांव तक पहुंच चुकी थी। इसी दौरान स्थानीय स्तर पर आग पर काबू पाने की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन को वापस भेज दिया गया। घर में मौजूद बोर मशीन के पानी और पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी।

आग लगने का कारण अज्ञात

फिलहाल कार में आग कैसे लगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद पाण्डुका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग दुर्घटनावश लगी या किसी ने जानबूझकर वाहन को निशाना बनाया, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे हैं हेमंत तिवारी

हेमंत कुमार तिवारी ग्राम पंचायत तौरेंगा के मौलीपारा में रहते हैं और पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। स्थानीय स्तर पर वे विभिन्न जनसमस्याओं, कथित गड़बड़ियों और ज्वलंत मुद्दों से जुड़ी खबरें प्रकाशित करते रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र में घर के सामने खड़े वाहन में इस तरह आग लगने की घटना को लेकर लोग चिंतित हैं।

पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगजनी के वास्तविक कारण और इसके पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका का खुलासा हो सकेगा।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

पति-पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, शवों समेत घर में लगाई आग, दो सगे भाई गिरफ्तार

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *