रायपुर। राजधानी रायपुर में संचालित विभिन्न स्पा सेंटरों (Spa Center Raid) पर पुलिस ने औचक निरीक्षण किया। पुलिस की इस कार्रवाई में 15 विशेष टीमें और 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। जांच अभियान के दौरान स्पा सेंटरों के दस्तावेज, कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन, CCTV व्यवस्था और अन्य गतिविधियों की बारीकी से पड़ताल की गई।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई से शहर में संचालित स्पा सेंटरों में हड़कंप मच गया। पुलिस का साफ संदेश है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी स्पा सेंटर संचालक, मैनेजर या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
तीनों जोन में चला एक साथ बड़ा अभियान
पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल एवं पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 30 स्पा सेंटरों (Spa Center) की एक साथ सघन जांच की। वहीं, सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर एवं पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर स्पा सेंटरों की जांच की।
रजिस्टर से लेकर CCTV तक खंगाले गए रिकॉर्ड
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों (Spa Center) के ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता की जांच की। इसके अलावा संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की भी पड़ताल की गई।
कर्मचारियों की आयु से संबंधित दस्तावेज, स्टाफ रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक अभिलेख भी जांच के दायरे में रहे। पुलिस ने यह भी देखा कि संबंधित स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं या नहीं।
प्रतिबंधित और संदिग्ध गतिविधियों पर रही पुलिस की पैनी नजर
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों (Spa Center) के भीतर किसी प्रकार की प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध गतिविधियों की संभावना को लेकर भी जांच की। इसके साथ ही परिसर की व्यवस्था, लीज अथवा किराया दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड और आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की गई।
दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं, कार्रवाई शुरू
जांच अभियान के दौरान पुलिस को दो स्पा सेंटरों (Spa Center) में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इसके बाद संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इनमें थाना डीडी नगर क्षेत्र अंतर्गत एलिना स्पा सेंटर तथा थाना पंडरी क्षेत्र अंतर्गत अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं। पुलिस द्वारा दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नियम तोड़े तो होगी वैधानिक कार्रवाई
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों (Spa Center) की जांच और निगरानी लगातार जारी रहेगी। जहां भी नियमों का उल्लंघन, दस्तावेजों में गड़बड़ी या किसी प्रकार की प्रतिबंधित गतिविधि सामने आएगी, वहां संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा! पुलिस की रेड में मैनेजर-महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार





