मुंगेली जिले के ग्राम पंडारभट्ठा में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। घटना 23 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे की, जब महिला खेत में काम करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतका की पहचान गीता बाई पटेल पति अशोक पटेल (46), निवासी ग्राम पंडारभट्ठा थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गीता बाई रोज की तरह खेत में काम करने गई थीं। काम समाप्त कर वह सिर पर बर्तन लेकर मुख्य मार्ग से पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया। आसमान में तेज गर्जना और बिजली चमकने लगी। कुछ ही देर बाद अचानक आकाशीय बिजली गीता बाई के पास गिरी और वह उसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लाइव वीडियो में कैद हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के आकाशीय बिजली की चपेट में आने का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
परिवार में पसरा मातम
गीता बाई की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बारिश और बिजली गिरने के दौरान बरतें सावधानी
बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। तेज गर्जना और बिजली चमकने के दौरान खुले खेत, मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
VIDEO
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






