सक्ती। बारिश के मौसम में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नगरदा वॉटरफॉल एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की फिसलन भरी चट्टान से नीचे गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी युवक उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बारिश में फिसली चट्टान, एक पल की चूक बनी जानलेवा
जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के देवरमाल निवासी रोशन उर्फ राहुल पटेल पिता बलराम पटेल अपने दोस्तों के साथ छुट्टी का आनंद लेने नगरदा वॉटरफॉल पहुंचा था। लगातार बारिश के कारण झरने के आसपास की चट्टानों पर काई जम गई थी। इसी दौरान वह फिसलन भरे पत्थरों पर संतुलन खो बैठा और ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना इतनी अचानक हुई कि साथ मौजूद दोस्त उसे संभालने या बचाने का मौका भी नहीं पा सके।
घायल युवक को तत्काल चांपा के बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक सप्ताह में दूसरी मौत
नगरदा वॉटरफॉल और आसपास के पिकनिक स्थलों पर लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बन गए हैं। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी मौत है। इससे पहले दमाऊधारा में दुर्ग जिले के एक युवक की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई थी। लगातार हादसों के बावजूद बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन की अपील
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान वॉटरफॉल, नदी और अन्य पर्यटन स्थलों पर विशेष सावधानी बरतें। फिसलन भरी चट्टानों पर न जाएं, सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए जोखिम वाले स्थानों तक पहुंचने से बचें।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





