नवापारा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नवापारा में 13 अगस्त, गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। भाजपा रायपुर जिला ग्रामीण के तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। तिरंगा यात्रा के दौरान नगर की सड़कों पर देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगे से राष्ट्रप्रेम का उत्साह नजर आएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागरिक खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव होंगे। वहीं क्षेत्रीय विधायक इंद्रकुमार साहू एवं भाजपा रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
गांधी चौक से शुरू होगी यात्रा
भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे नगर के हृदय स्थल गांधी चौक से होगा। यहां से यात्रा सदर मार्ग होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगी। इसके बाद गंज मार्ग से होते हुए नेहरू घाट स्थित सामुदायिक भवन तक जाएगी, जहां कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंजेंगा।
विजय गोयल बोले – तिरंगा देश के सम्मान और एकता का प्रतीक
कार्यक्रम के प्रभारी, रायपुर जिला ग्रामीण भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आजादी के पर्व से पहले नगरवासियों का एक साथ तिरंगे के नीचे खड़ा होना राष्ट्रीय एकता और अखंडता का सशक्त संदेश देगा।
विजय गोयल ने अपील करते हुए कहा, “यह तिरंगा हम सभी के गौरव, स्वाभिमान और देश की एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित इस गौरवमयी यात्रा में नवापारा के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों और नगर के सभी राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि 13 अगस्त को सुबह 10 बजे गांधी चौक पहुंचकर तिरंगा यात्रा में सहभागी बनें तथा सभी मिलकर तिरंगे की शान बढ़ाएं और नवापारा से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का मजबूत संदेश दें।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
तिरंगा यात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को विजय गोयल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के मार्ग, व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आयोजन को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के सह प्रभारी एवं नवापारा भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं से आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
बैठक में विजय गोयल के अलावा नपा अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, नपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, भाजपा नेता परदेशीराम साहू, धीरज साहू, नगर पालिका सीएमओ लवकेश कुमार पैकरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजन को लेकर उत्साह
तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि यात्रा को भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले नवापारा में निकलने वाली यह यात्रा नगरवासियों के बीच राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता का संदेश देने का माध्यम बनेगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





