राजिम। सावन माह के पावन अवसर पर 10 अगस्त सोमवार को आयोजित होने वाली विधानसभा स्तरीय भव्य कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू ने सामाजिक पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
फिंगेश्वर से होगा यात्रा की शुरूआत
विधायक रोहित साहू ने बताया कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे फनीकेश्वरनाथ महादेव मंदिर, फिंगेश्वर में पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके पश्चात श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए प्रातः 11 बजे ग्राम बोरसी पहुंचेंगे, जहां अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद यात्रा दोपहर 1 बजे ग्राम कोमा पहुंचेगी, जहां चाय-नाश्ते के उपरांत यात्रा आगे बढ़ेगी।
यात्रा 2 बजे राजिम नगर में प्रवेश कर शिवाजी चौक, सुंदरलाल शर्मा चौक, महामाया चौक, राजिमलोचन मंदिर होते हुए लक्ष्मण झूला के मार्ग से कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।
विधायक रोहित साहू ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया। बैठक में सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
राजिम में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक: सावन महोत्सव और ‘राखी टू बॉर्डर’ अभियान का ऐलान





