Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
Spread the love

राजिम। सावन माह के दूसरे सोमवार को राजिम क्षेत्र में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। विधायक रोहित साहू के नेतृत्व में फिंगेश्वर से राजिम तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्त, श्रद्धालु, ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, मातृशक्तियां और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। पंचकोशी धाम के फिंगेश्वर से शुरू हुई यह यात्रा करीब 17 किलोमीटर का सफर तय कर त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंची।

पूरे यात्रा मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच हजारों शिवभक्त उत्साह के साथ कांवड़ लेकर आगे बढ़ते रहे।

जलाभिषेक के बाद शुरू हुई यात्रा

कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाबविधायक रोहित साहू ने फिंगेश्वर स्थित फणिकेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं पैदल चलकर राजिम की ओर रवाना हुए। विधायक के साथ हजारों श्रद्धालु कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, श्रद्धालुओं का कारवां भी बढ़ता गया। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया।

स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

कांवड़ यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों ने विधायक रोहित साहू का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर महिलाओं ने थाल सजाकर आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। महिलाओं और युवाओं ने गुलाल लगाकर खुशी जताई। वहीं कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया गया। रास्तेभर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। धार्मिक जयघोष और भक्ति गीतों के बीच पूरा मार्ग शिवभक्ति में डूबा नजर आया।

बोरसी में विश्राम, किरवई में भव्य स्वागत

दोपहर करीब डेढ़ बजे कांवड़ यात्रा बोरसी गांव पहुंची। यहां कुछ देर विश्राम के बाद विधायक रोहित साहू अपने काफिले के साथ किरवई के लिए रवाना हुए। किरवई पहुंचते ही ग्रामीणों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। महिलाओं और युवाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद कांवड़ यात्रा कोमा की ओर रवाना हुई।

राजिम में ऐतिहासिक स्वागत

कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाबकोमा से आगे बढ़ते हुए कांवड़ यात्रा देर शाम राजिम शहर पहुंची। शहर में प्रवेश करते ही शिवभक्तों और आम नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी। राजिम के जॉन डियर ट्रैक्टर शो रूम के पास श्याम अग्रवाल फूल बरसाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद शिवाजी चौक और पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक पर विधायक रोहित साहू एवं कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत हुआ। राजिम के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा लक्ष्मण झूला की ओर बढ़ी। यहां से श्रद्धालु त्रिवेणी संगम स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे।

कुलेश्वरनाथ महादेव का कांवड़ जल से हुआ अभिषेक

मंदिर पहुंचने के बाद विधायक रोहित साहू ने पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का विधि-विधान से पूजन किया और कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से जलाभिषेक किया। इसी के साथ फिंगेश्वर से राजिम तक निकली करीब 17 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा का विधिवत समापन हुआ।

पत्नी के साथ पूरे रास्ते पैदल चले विधायक

इस कांवड़ यात्रा की खास बात यह रही कि विधायक रोहित साहू अपनी धर्मपत्नी भुनेश्वरी देवी के साथ पूरे 17 किलोमीटर पैदल चले। इसके अलावा कांवड़ यात्रा में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, राजिम-फिंगेश्वर जनपद अध्यक्ष इंद्राणी-नेहरू साहू, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, जिला भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सरपंच संघ जिला अध्यक्ष हरीश साहू, राजिम भक्तिन माता समिति अध्यक्ष लाला साहू सहित क्षेत्र के अनेक सरपंच, जनपद सदस्य, पंच, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बड़ी संख्या में शिवभक्त और श्रद्धालुओं ने भी यात्रा में सहभागिता की।

‘यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे क्षेत्र की आस्था की यात्रा’

कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाबकांवड़ यात्रा के समापन के बाद विधायक रोहित साहू ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। श्रावण मास में भगवान शिव का जलाभिषेक कर राजिम क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की मंगल कामना को लेकर यह पदयात्रा निकाली गई थी। उन्होंने कहा कि यात्रा में जिस तरह हजारों श्रद्धालु, शिवभक्त, ग्रामवासी और कार्यकर्ता कदम से कदम मिलाकर चले, वह उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। रास्तेभर ग्रामीणों और मातृशक्तियों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत ने यात्रा को यादगार बना दिया।

विधायक ने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और शिवभक्तों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा की यात्रा थी। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और राजिम क्षेत्र के निरंतर विकास की कामना की।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

राजिम में बनेगा स्थायी हाई-लेवल डोम, विधायक रोहित साहू ने दी विकास की सौगात

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *