धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुपेला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। महिला का शव शुक्रवार शाम उसके कमरे में संदिग्ध हालत में मिला। मृतिका के गले पर निशान मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतिका की पहचान वीणा उर्फ बबली ठाकुर के रूप में हुई है। बताया गया कि करीब दो साल पहले उसकी शादी सुपेला निवासी विवेक ध्रुव से हुई थी और वह अपने पति के साथ वहीं रह रही थी।
बेडरूम में मिली महिला की लाश
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवसर पर खेत से लौटने के बाद वीणा अपने पति के साथ बेडरूम में गई थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब पति ने कमरे का दरवाजा खोला तो वीणा बिस्तर पर संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। परिजनों ने शुरुआत में इसे स्वास्थ्य संबंधी घटना समझा और डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पति का दावा- फांसी लगाई थी
मृतिका के पति विवेक ध्रुव ने पुलिस को बताया कि वीणा ने पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। हालांकि, मौके पर पहुंची FSL टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और महिला के गले पर मिले निशानों को भी जांच के दायरे में लिया। प्रारंभिक स्तर पर गले के निशानों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि निशान फांसी के कारण बने या किसी अन्य तरीके से गले पर दबाव पड़ा।
मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका
घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। गले पर निशान मिलने के बाद परिजनों ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और FSL की विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान और जांच के बाद स्थित स्पष्ट होगी।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
नवविवाहिता की फंदे पर लटका मिला शव, पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी






