गरियाबंद। संकट की घड़ी में पुलिस की तत्परता एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई। गरियाबंद जिले में डायल 112 की टीम ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली। घटना छुरा थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, छुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ागांव के पास एक मोटरसाइकिल चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
समय पर उपचार मिलने से बची जान
डायल 112 वाहन में तैनात आरक्षक यशवंत त्रिवेन्द्र और वाहन चालक जागेश्वर निर्मलकर ने मौके पर पहुंचकर घायल की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस जवानों ने बिना समय गंवाए घायल को सुरक्षित वाहन में बैठाया और सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाकर भर्ती कराया। समय पर उपचार मिलने से घायल की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने डायल 112 टीम के आरक्षक यशवंत त्रिवेन्द्र और चालक जागेश्वर निर्मलकर की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का पहला दायित्व नागरिकों की सुरक्षा और संकट के समय उनकी सहायता करना है। उन्होंने कहा कि जिले की डायल 112 टीम पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।
‘‘एक्के नम्बर सबो बर’’ की भावना के साथ संचालित डायल 112 सेवा नागरिकों के लिए हर प्रकार की आपात स्थिति में भरोसेमंद सहायता बनकर लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
बैल लेकर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर; एक झटके में बदल गई जिंदगी





