गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के स्कूल कार्यालय में कथित शराब पार्टी के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो और मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान को निलंबित कर दिया है। इससे पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
शराब का सेवन करते दिखाई दिए दोनों शिक्षक
संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि 1 अगस्त 2026 को मीडिया में प्रकाशित समाचार और वायरल वीडियो में दोनों शिक्षक विद्यालय कार्यालय में शराब का सेवन करते दिखाई दिए। प्रथम दृष्टया यह कृत्य शिक्षकीय गरिमा के प्रतिकूल, शासकीय सेवा नियमों का उल्लंघन तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के विपरीत पाया गया।
निलंबन अवधि में मुख्यालय मैनपुर रहेगा
जारी आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
वायरल वीडियो के बाद मचा था हड़कंप
आपका बता दें कि मामला तब सामने आया था जब स्थानीय मीडिया टीम स्कूल के निरीक्षण के दौरान विद्यालय कार्यालय पहुंची। आरोप है कि वहां दोनों शिक्षक शराब और चखना के साथ बैठे मिले, जबकि छात्र-छात्राएं बिना पढ़ाई के स्कूल परिसर में इधर-उधर घूम रहे थे। यह भी आरोप लगा कि दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड के विपरीत टी-शर्ट और जींस पहनकर स्कूल पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से कथित अभद्र व्यवहार का आरोप भी सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी।
पहले नोटिस, अब निलंबन
घटना के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। मामले को गंभीर मानते हुए अब संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करते हुए आगे की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

