Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
Spread the love

रायपुर। रायपुर में महज 5 हजार के लेनदेन को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को पैसे लौटाने के बहाने रेलवे पटरी के पास बुलाया और फिर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।

रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश

पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त 2026 की सुबह गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना पर गुढ़ियारी मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान प्रीतम साहू (19 वर्ष) निवासी छोटा अशोक नगर गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई। पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान दिखाई दिए। इससे पुलिस को मामला ट्रेन हादसा नहीं बल्कि हत्या का होने का संदेह हुआ।

5 हजार को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक प्रीतम साहू ने आरोपी निखिल ध्रुव को 5 हजार उधार दिए थे। निखिल द्वारा पैसे वापस नहीं करने पर प्रीतम लगातार अपनी रकम मांग रहा था। इसी बात को लेकर 16 अगस्त की रात दोनों के बीच विवाद और झगड़ा हुआ।

आरोप है कि इसके बाद निखिल ने प्रीतम से कहा कि वह रेलवे पटरी के पास स्थित एटीएम से उसके पैसे निकालकर दे देगा। इस बहाने वह प्रीतम को अपने साथ पटरी की ओर ले गया।

पटरी के पास चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, रेलवे पटरी के पास पहुंचने के बाद निखिल ने अपने साथियों दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमू और दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर प्रीतम पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के साक्ष्य छिपाने की नीयत से प्रीतम के शव को रेलवे पटरी पर छोड़ दिया, ताकि घटना ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत जैसी दिखाई दे।

CCTV और पूछताछ से खुला हत्या का राज

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी टिटलागढ़ ओडिशा की ओर भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी अभिरक्षा में

पुलिस ने निखिल ध्रुव पिता गोपाल ध्रुव (20 वर्ष), दीपक साहू पिता जगदेव साहू (22 वर्ष), नितिन प्रधान उर्फ सोमू पिता चंदू प्रधान (21 वर्ष) और दो नाबालिग आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में बीएनएस की धारा 103(1), 238, 3(5) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस बोली-साइकिल से करता था अकेली महिलाओं का पीछा… फिर बनाता था शिकार

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *