कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं घायल हुई हैं। हादसा पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने महिलाओं से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही थीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, करहीपारा छिंदिया गांव की महिलाएं बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम के बाद करीब 15 महिलाएं ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। शुक्रवार रात करीब 8 बजे उनका ऑटो सांवारावा के पास पहुंचा। इसी दौरान बैकुंठपुर की ओर से आ रही पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं।
तीन महिलाओं की मौके पर मौत
हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों करहीपारा छिंदिया की रहने वाली बताई गई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बैकुंठपुर रेफर किया गया है।
पिकअप चालक हादसे के बाद फरार
पटना पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार पिकअप और चालक की तलाश कर रही है। मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की पूरी परिस्थितियों और पिकअप चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
नवापारा ब्रेकिंग: महानदी पुल पर भीषण हादसा, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पुल से नीचे गिरा






