नवापारा-अभनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे एक माह लंबे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन अभनपुर क्षेत्र के ग्राम खोरपा पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
किशोर देवांगन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के ऐतिहासिक 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से जनसेवा का उनका सफर निरंतर जारी है।
जनआंदोलन बनेगा अभियान
देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश में हुए नीतिगत सुधारों और विकासपरक उपलब्धियों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान को केवल पार्टी तक सीमित न रखते हुए हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाए।
गरीब, महिला और युवा कल्याण को बताया प्राथमिकता
किशोर देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के भविष्य को लेकर अनेक महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश को विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाने और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर ले जाने में प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह स्वर्णिम अवसर है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में जुटना चाहिए।
जन्मदिवस पर आशीर्वाद का दिया जरूर जलाएं
कार्यकर्ताओं से संवाद के अंत में किशोर देवांगन ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर “आशीर्वाद का दिया जरूर जलाएं।” उन्होंने कहा कि यह दीप प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक बने तथा सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के व्यापक स्वरूप में आगे बढ़ाने का माध्यम बने।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






