अभनपुर। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के तत्वावधान में अभनपुर में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अभनपुर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से जुड़े 250 से अधिक शिक्षक, प्राचार्य, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं संकुल समन्वयक शामिल हुए। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल एवं कलम भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष व्ही.के. गोयल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के भविष्य का निर्माण शिक्षक के हाथों में होता है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों को भी दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने महान शिक्षाविद एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा के प्रति उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक समाज में सदैव सम्मान और प्रेरणा के केंद्र रहे हैं।
राष्ट्र निर्माण में शिक्षक महत्वपूर्ण स्तंभ – टिकेंद्र ठाकुर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंटक के प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र ठाकुर ने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह का उद्देश्य उन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है, जो पूरे वर्ष विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक, सामाजिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान का सम्मान करना केवल किसी संगठन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
250 से अधिक शिक्षकों की रही सहभागिता

इंटक जिला अध्यक्ष भरत देवांगन ने बताया कि समारोह में अभनपुर विकासखंड के 250 से अधिक शिक्षकों की सहभागिता रही। कार्यरत शिक्षकों के साथ-साथ प्राचार्य, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं संकुल समन्वयक भी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और सेवाभाव को सम्मानित करने का यह प्रयास उनके प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।
सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर दिखी खुशी
समारोह के दौरान शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल एवं कलम भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरे पर खुशी और गर्व की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम में शिक्षा, शिक्षक और समाज के बीच संबंधों तथा शिक्षकों की सामाजिक भूमिका को लेकर भी विचार रखे गए। आयोजकों ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यालय तक सीमित भूमिका निभाने वाला व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह नई पीढ़ी को दिशा देने वाला राष्ट्र निर्माता और मार्गदर्शक है। ऐसे आयोजन शिक्षकों का उत्साह बढ़ाने के साथ समाज में शिक्षा और शिक्षक के महत्व को भी मजबूत करते हैं।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

समारोह में नगर पालिका परिषद अभनपुर के अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे, पार्षद मीना साहू, चंपा लेदेकर, बीरबल टंडन और डोमेंद्र साहू, इंटक जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र गिलहरे, दीपक देवांगन, जिला अध्यक्ष सर्व समाज रायपुर नारायण सोनी, रोहित सोनी, प्राचार्य जानकी साहू बजरंगदास, पीएमश्री सेजेस हरिहर नवापारा के प्राचार्य फाखरा दानी, प्राचार्य आलेखूंटा, प्राचार्य खोला, पीएमश्री सेजेस अभनपुर की प्राचार्य डॉ. तारा त्रिपाठी, हाई स्कूल गोंडपारा अभनपुर की प्राचार्य भारती अग्रवाल, जिला अध्यक्ष संयुक्त शिक्षक संघ रायपुर प्रदीप साहू, जिला अध्यक्ष शिक्षक एसोसिएशन रायपुर ओमप्रकाश सोनकला, जितेंद्र सिन्हा, युवराज सिन्हा, गोपेश साहू, हेमंत साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हेमंत साहू ने किया। शिक्षक सम्मान समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि व्ही.के. गोयल की मौजूदगी में वृक्षारोपण के साथ हुई। वहीं कार्यक्रम के समापन अवसर पर इंटक प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र ठाकुर एवं नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे ने भी वृक्षारोपण किया। समारोह गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p






