कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मोहल्ले के एक पंच अज्ञात यादव के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता और उसकी सहेली के बयान दर्ज कर लिए हैं, जबकि आरोपी की तलाश में टीम जुटी हुई है।
कॉलेज छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी का उनके घर आना-जाना था। 10 अगस्त को आरोपी आरटीओ कार्यालय जाने की बात कहकर उसके घर पहुंचा और उसे कॉलेज छोड़ने की बात कहते हुए बाइक पर बैठा लिया। उस समय छात्रा की सहेली भी उसके साथ थी। कॉलेज पहुंचने के बाद आरोपी ने छात्रा की सहेली को वहां से जाने के लिए कहा। सहेली के चले जाने के बाद आरोपी ने आधार कार्ड से जुड़े काम का बहाना बनाते हुए छात्रा से बातचीत शुरू की।
हाथ पकड़ने की कोशिश का आरोप
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने छात्रा से कहा कि उसकी भी कुछ उम्मीदें हैं। छात्रा ने जब उसकी बात का विरोध किया तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। डर के कारण छात्रा अपनी क्लास में चली गई। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी काफी देर तक क्लास के बाहर घूमता रहा।
छुट्टी होने के बाद आरोपी ने छात्रा से कहा कि वह उसे पसंद करता है। इसके बाद उसने लड़के-लड़की के बीच शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। छात्रा ने इसका विरोध किया और ऑटो से अपने घर लौट गई।
अगले दिन फिर घर पहुंचा आरोपी
पीड़िता के मुताबिक 11 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे आरोपी दोबारा उसके घर पहुंचा और उसे कॉलेज चलने के लिए कहा। छात्रा ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे आरोपी ने छात्रा की सहेली को फोन किया। आरोप है कि उसने सहेली से छात्रा को उसके लिए ‘सेट’ कराने की बात कही और इसके बदले उसकी मांग पूरी करने की बात कही। सहेली ने आरोपी की बात मानने से इनकार कर फोन काट दिया और पूरी जानकारी छात्रा को दी। इसके बाद छात्रा ने पुलिस से शिकायत की।
FIR दर्ज, आरोपी की तलाश तेज
शिकायत मिलने के बाद बालको पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता और उसकी सहेली के बयान दर्ज कर लिए हैं। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
छात्रा से अश्लील हरकत, गला पकड़कर किया जबरन किस, विरोध करने पर मारपीट; आरोपी गिरफ्तार





