अभनपुर। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) जिला रायपुर के नवनियुक्त पदाधिकारियों की प्रथम परिचयात्मक बैठक रविवार को रेस्ट हाउस अभनपुर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जिले में मजबूत करने, गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र ठाकुर, प्रदेश सचिव पन्नालाल नवरंगे एवं जिला अध्यक्ष भरत देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
सिर्फ पद नहीं, जिम्मेदारी मिली है – टिकेंद्र ठाकुर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंटक प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र ठाकुर ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में पद मिलना केवल सम्मान की बात नहीं, बल्कि मजदूरों और आम जनता के हितों के लिए जिम्मेदारी के साथ काम करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इंटक का उद्देश्य मजदूरों की आवाज को मजबूत करना और उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना है। संगठन को केवल शहरों तक सीमित न रखते हुए गांव-गांव और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
ठाकुर ने पदाधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन को आगे बढ़ाएं। मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं और जनता की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आने वाले समय में इंटक रायपुर जिले में एक मजबूत जनसंगठन के रूप में अपनी भूमिका निभाएगा।
गांव-गांव में बनेगी कमेटी, हर गांव में सदस्यता अभियान
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक गांव में संगठन का विस्तार किया जाएगा और हर गांव से कम से कम 20 लोगों को संगठन से जोड़कर ग्राम स्तरीय कमेटियों का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी दिनों में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर व्यापक आंदोलन और कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में किसान, मजदूर, महिला, छात्र, बेरोजगारी और बढ़ते बिजली बिल जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर संगठन आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से आवाज बुलंद करेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री के अभनपुर आगमन को लेकर भी बनी रणनीति
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नगरी प्रवास के दौरान अभनपुर में स्वागत कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई और संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर योजना बनाई गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान जिला संगठन के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष धीरेन्द्र गिलहरे, महासचिव राजू मारकंडे, जिला महासचिव नीरज हरवंश, जिला प्रभारी हेमंत देवांगन, मीडिया प्रभारी भूपेन्द्र साहू, कोषाध्यक्ष मनोज टंडन, जिला सचिव ओमप्रकाश, जयवर्धन बघेल, साहू, चंद्रहास साहू, मनीष कोसरिया, मुकुंद सिन्हा, यशवंत यादव सहित जिले के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में किशन मानिकपुरी, योगेंद्र सोनकर, धीरेन्द्र, संतोष टंडन, साहील सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p





