Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
सूने मकान में चोरों का धावा
Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 60 लाख रुपये की चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम और अन्य सामान सहित संपूर्ण मशरूका बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

परिवार बाहर गया, पीछे से टूट गया ताला

पुलिस के अनुसार, रायपुर के सरोना अरिहन्त नगर निवासी प्रार्थी रवि कान्त गुप्ता 28 जुलाई 2026 को अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित किसी कार्य से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम एवं अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर आमानाका थाने में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

हजारों CCTV  फुटेज खंगाले, फिर मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले गए।

संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। पुलिस ने घटना के तरीके और पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की गतिविधियों को भी जांच के दायरे में लिया।

दो संदिग्धों तक पहुंची पुलिस

लगातार तकनीकी विश्लेषण, CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट को जोड़ते हुए पुलिस टीम करण तांडी उर्फ केडे और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी तक पहुंची। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने शुरुआत में चोरी की घटना में शामिल होने से इनकार किया और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर दोनों ने कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

60 लाख की पूरी मशरूका बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की संपूर्ण मशरूका बरामद करने का दावा किया है। इसमें सोने के जेवरात, चांदी के जेवरात, नगदी समेत चोरी से संबंधित अन्य सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये है।

चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी एवं मारपीट से जुड़े मामलों में जेल निरुद्ध रह चुके हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी ने 12 जुलाई 2026 को थाना पंडरी क्षेत्र की दुबे कॉलोनी स्थित श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज कैंपस में लगे एसी के कॉपर वायर काटकर चोरी की थी। इस मामले में थाना पंडरी में अपराध दर्ज है। पुलिस के अनुसार उक्त मामले में मोंटी घटना के बाद से फरार चल रहा था। अब इस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

कर्ज उतारने भगवान के घर चोरीः एक नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार; 16.60 लाख का माल बरामद

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *