Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
चाकू से जानलेवा हमला
Spread the love

नवापारा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सड़क किनारे रुके युवकों पर चार बदमाशों ने मामूली विवाद के बाद जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू किया, फिर एक युवक के सिर पर लोहे के कड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामला धमतरी जिले के मगरलोड थाना अंतर्गत बड़ी करेली चौकी क्षेत्र का है।

सड़क किनारे रूके युवकों पर चाकू से हमला

मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा निवासी प्रखर निषाद (25 वर्ष) अपने दोस्तों शेखर साहू, पंकज यादव, लोकपाल वर्मा और राजकुमार निषाद के साथ 2 अगस्त की शाम दो मोटरसाइकिलों से नवागांव की ओर जा रहे थे। ग्राम नवागांव स्थित सोनकर लॉज के पास सभी युवक सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान नवापारा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार समीर देवार सहित चार युवक वहां पहुंचे और अभद्रता करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। एक आरोपी ने हाथ में पहने लोहे के कड़े (चूड़ा) से प्रखर निषाद के सिर पर वार किया। जब राजकुमार निषाद अपने दोस्त को बचाने पहुंचे तो एक हमलावर ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद घायल युवकों को उनके साथियों ने तत्काल नवापारा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद राजकुमार निषाद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में एक की पहचान समीर देवार, निवासी देवारपारा, नवापारा के रूप में हुई है, जबकि उसके तीन अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

बढ़ रहा अपराध, ग्रामीणों में दहशत

इस घटना के बाद नवापारा-मगरलोड मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है। राहगीरों को रोककर पैसे मांगना, विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देना यहां आम होता जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर पहले भी जबरन वसूली और मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए कुछ बदमाश सुनसान स्थानों पर राहगीरों को रोककर पैसों की उगाही करते हैं। पैसे नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। बावजूद इसके अधिकांश मामले थाने तक नहीं पहुंच पाते।

शिकायत नहीं होने से बढ़ रहे बदमाशों के हौसले

स्थानीय लोगों का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया और थाने-कचहरी के झंझट से बचने के लिए कई पीड़ित शिकायत दर्ज ही नहीं कराते। यही वजह है कि अनेक घटनाएं दबकर रह जाती हैं और असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से नवापारा-मगरलोड मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह मार्ग आम लोगों के लिए और अधिक असुरक्षित हो सकता है।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की तालाब में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान, मोबाइल गायब

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *