Shyam Agrawal
previous arrow
next arrow
नवविवाहिता की फंदे पर लटका मिला शव
Spread the love

दुर्ग। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरपोटी में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। करीब डेढ़ साल पहले शादी के बंधन में बंधी मृतका की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार मृतका रवीना यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली थी। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी विपुल यादव से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। बताया गया है कि विपुल काम के सिलसिले में उमरपोटी में अपने चाचा के साथ रहता था और प्लंबरिंग का काम करता था। 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे मायके पक्ष को रवीना की मौत की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही जौनपुर से परिजन दुर्ग पहुंचे।

इसके बाद 16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की गठित टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद पिता लल्लन यादव सहित मायके के परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए।

प्रेम संबंध को लेकर विवाद का आरोप

मृतका के मामा साहब लाल यादव के मुताबिक 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति विपुल यादव घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पति की कथित प्रेमिका के घर पहुंचने की जानकारी सामने आई। इसे लेकर रवीना और उसके पति के बीच विवाद हुआ। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाद के बाद रवीना को कमरे में बंद कर दिया गया और उसका पति कथित प्रेमिका के साथ बाहर चला गया।

रात में 17 बार फोन करने का दावा

नवविवाहिता की फंदे पर लटका मिला शवपरिजनों के अनुसार, रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच रवीना ने अपने पति को करीब 17 बार फोन किया, लेकिन कथित तौर पर किसी कॉल का जवाब नहीं मिला। मायके पक्ष का दावा है कि रवीना काफी तनाव में थी और उसने खुद को या पति को कुछ कर लेने जैसी बातें कही थीं। पुलिस अब मोबाइल फोन और कॉल डिटेल के जरिए विवाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने की जानकारी है। रवीना नवविवाहिता थी, इसलिए पुलिस ने नियमानुसार महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कराई।

मोबाइल और कॉल डिटेल की जाँच

उतई पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और कथित विवाहेतर संबंध से जुड़े तथ्यों पर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना से पहले रवीना की किन लोगों से बातचीत हुई थी और उसके अंतिम घंटों में परिस्थितियां कैसी थीं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल और कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। मायके पक्ष के आरोपों की पुष्टि भी जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।

सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।

https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p

यह खबर भी पढ़ें

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप; विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से हुआ पोस्टमार्टम

By Yuvraj Sahu

Yuvraj Sahu Editor – Khabar Vistar युवराज साहू (Yuvraj Sahu) खबर विस्तार (Khabar Vistar) के संपादक हैं। वे छत्तीसगढ़ की स्थानीय, प्रशासनिक, अपराध, शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी खबरों का निष्पक्ष और तथ्यपरक कवरेज करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *