जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जावलपुर के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन मंजिल से कुछ ही दूरी पहले तेज रफ्तार थार कार ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम दहकोनी निवासी 25 वर्षीय विनोद कौशिक और ग्राम कापन निवासी 20 वर्षीय खुशी कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खुशी कश्यप अपनी स्कूटी से दहकोनी स्थित अपने भाई विनोद कौशिक के घर पहुंची थीं। वहां से दोनों अपने मामा के घर ग्राम जावलपुर में आयोजित बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निकले थे। स्कूटी विनोद चला रहा था और दोनों समारोह स्थल से कुछ ही दूरी पर थे।
मौत बनकर पहुंची थार
शाम करीब 6.30 बजे बलौदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार कार (सीजी 10 बीएम 7214) के चालक संस्कार ने विपरीत दिशा से आते हुए स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक हिरासत में, वाहन जब्त
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी चालक संस्कार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त थार वाहन भी जब्त कर लिया गया है। बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
खुशियों का जश्न पलभर में मातम में बदला
जिस परिवार में जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां कुछ ही पलों में मातम छा गया। एक ही हादसे में भाई-बहन की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
सबसे तेज़ और विश्वसनीय खबरें पाने के लिए Khabar Vistar WhatsApp Channel फॉलो करें।
https://whatsapp.com/channel/0029VbDAob79hXF37X9TD01p
यह खबर भी पढ़ें
ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी मोपेड, ग्रामीण की मौके पर मौत





